नौगावां सादात : चोरी के इरादे से घर में घुसे चोर जाग होने पर भाग निकले, गृहस्वामी ने एक चोर को पकड़ लिया। साथी को पकड़ने पर दूसरे बदमाश ने गृहस्वामी को गोली मार दी। अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। घटना से कस्बे में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक ने दो दिन के भीतर घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया है। अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने मृतक को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
यह घटना कस्बे के मुहल्ला बुध बाजार की है। यहां पर शजर अब्बास का परिवार रहता है। इसी अहाते में उसके अन्य भाइयों के भी परिजन रहते हैं। गुरुवार शाम को शजर अब्बास के परिवार के अधिकांश लोग मुरादाबाद स्थित रिश्तेदारी में एक शादी में गए थे। घर के दूसरे हिस्से में उनके भतीजे की पत्नी शबनम रहती है। गुरुवार रात डेढ़ बजे चार चोर दीवार फांद कर उनके घर में घुस गए। चोरों ने शबनम के घर के बाहर जाकर दरवाजा खटखटाया तो वह जाग गई। शक होने पर उन्होंने शजर अब्बास व परिवार के अन्य लोगों को फोन कर दिया। वहीं जाग होने पर चोर वहां से भागने लगे।
उस समय तक शजर अब्बास कमरे से बाहर निकल कर आ चुके थे। उन्होंने भागते समय एक चोर को दबोच लिया। साथी के पकड़े जाने पर दूसरे चोर ने उनके पेट से तमंचा सटा कर गोली मार दी। इससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। गोली लगने के बाद भी वह पड़ोस में रहने वाले अपने चाचा डॉ. अफसर अली के दरवाजे तक पहुंच गए तथा दरवाजा खटखटाया। उस समय तक परिवार के अन्य लोग भी जाग चुके थे।
परिजनों ने शजर अब्बास को खून से लथपथ पड़ा देखा तो फौरन एंबुलेंस को बुला कर उन्हें जिला अस्पताल भेजा परंतु रास्ते में मौत हो गई। सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक आरपी ¨सह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस को मौके पर बदमाशों का तमंचा व तीन चप्पलें मिली हैं। घटना से कस्बे में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया।
शुक्रवार की सुबह एसपी सुधीर कुमार ¨सह भी मौके पर पहुंचे तथा जानकारी ली। उन्होंने परिजनों को दो दिन में घटना का पर्दाफाश करने का आश्वासन दिया। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। देर रात परिजनों ने मृतक को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया है।
चोरी के दौरान गृहस्वामी को गोली मारकर हत्या की गई है। पुलिस की दो टीमें घटना का खुलासा करने में लगाई गई हैं। दो दिन के भीतर हत्यारों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
सुधीर कुमार ¨सह, एसपी।