रोहतक। हरियाणा की रोहतक जेल में बंद बलात्कारी राम रहीम अपनी मुंहबोली बेटी हनीप्रीत से मिलने को बेकरार है। हनीप्रीत को साथ रखने के लिए वह बीमारी का बहाना भी बना रहा है। राम रहीम ने अपनी करीबी हनीप्रीत से मिलने के लिए जेल प्रशासन को उसका नाम दिया है।
इतना ही नहीं हनीप्रीत से बातचीत करने के लिए राम रहीम ने उसका मोबाइल नंबर भी दे दिया है। लेकिन कानूनी अड़चनों के बीच राम रहीम का हनीप्रीत से जेल में मिलना संभव नहीं है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, राम रहीम से मिलने के लिए हनीप्रीत को गोद लिए जाने का पेपर दाखिल करना होगा। यदि ऐसा नहीं होता है तो इसके लिए कोर्ट से मंजूरी लेनी होगी। इसमें भी सबसे बड़ी बाधा हनीप्रीत की गिरफ्तारी का डर है। हनीप्रीत के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी है। हालांकि हनीप्रीत के मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तारी की खबरें भी सामने आई थीं लेकिन उनकी पुष्टि नहीं हो पाई है।
हनीप्रीत राम रहीम को दोषी करार दिए जाने के बाद से ही लापता है। वह हैलीकॉप्टर में राम रहीम के साथ नजर आई थी। इसके बाद खबरें आईं कि हनीप्रीत नेपाल भाग गई है। हरियाणा पुलिस हनीप्रीत की तलाश में खाक छान रही है वहीं हनीप्रीत का कहीं अता पता नहीं चल पा रहा है।
इसके साथ ही बताया जा रहा है कि राम रहीम हनीप्रीत से मिलने को बेकरार है। उसने सीबीआई कोर्ट में अपील की है कि वह कमरदर्द से परेशान है। इसलिए हनीप्रीत को उसके साथ रखा जाए। बताया जा रहा है कि राम रहीम ने हनीप्रीत के नाम की रट लगा रखी है।
राम रहीम बार बार दुहाई दे रहा है कि उसकी पीठ में दर्द है। उसकी बेटी हनीप्रीत एक फिजियोथेरेपिस्ट है। वह उसकी मसाज किया करती थी। इसलिए उसे बुलाया जाए। यह उसने एक बार नहीं बल्कि दो बार अर्जी दी है।
आपको बता दें कि राम रहीम ने हनीप्रीत को 2009 में गोद लिया था। हनीप्रीत का नाम प्रियंका तनेजा है, जो लंबे समय से अपने परिवार के साथ डेरे में ही रहती थी। राम रहीम की उसपर खास कृपादृष्टि थी। राम रहीम ने ही उसका विवाह अपने ही चेले विश्वास गुप्ता से करा दिया था। हालांकि विश्वास ने बाद में बाबा पर आरोप लगाया कि हनीप्रीत के साथ राम रहीम के अवैध संबंध हैं। उसे अपने साथ रखा जरूर जाता है लेकिन हनीप्रीत हमेशा राम रहीम के साथ रहती है। उसने कोर्ट में अर्जी दाखिल कर अपनी पत्नी वापस दिलाए जाने की मांग की थी।